एआरबी टाइम्स ब्यूरो
जुब्बल-कोटखाई(शिमला)। हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उप तहसील टिक्कर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण हुए सड़क और आधारभूत ढांचे के नुकसान का जायज़ा लिया और प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की।

ग्रामीणों को दी हर संभव सहायता का आश्वासन
श्री ठाकुर ने नावर क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के लोगों से संवाद करते हुए उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मानसून सीज़न में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है, जिससे हिमाचल सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी आपदा का सामना करना पड़ा है।
नावर क्षेत्र की 36 सड़कों को बहाल किया गया
शिक्षा मंत्री ने बताया कि नावर क्षेत्र में बाधित हुई 37 में से 36 सड़कों को बहाल कर दिया गया है, और शेष 1 सड़क को आज खोलने की योजना है।
क्षति का संक्षिप्त विवरण:
51 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त
71 सुरक्षा दीवारों को नुकसान
3 गौशालाएं, 2 मज़दूर आवास और 2 दुकानें प्रभावित
900 सेब के पौधे नष्ट
सेब विपणन को दी जा रही प्राथमिकता
श्री ठाकुर ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता इस समय बागवानों की सेब की फसल को मंडियों तक पहुंचाना है। मंडी मध्यस्ता योजना के तहत टिक्कर के 16 केंद्रों पर सेब की खरीद चल रही है। अब तक 1.60 करोड़ पेटियां सेब मंडियों में पहुंच चुकी हैं और सीज़न का 60% कार्य पूर्ण हो चुका है।
राहत राशि के नियमों में किया गया संशोधन
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं के लिए राहत राशि के नियमों में संशोधन किया है। जिसके तहत पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकान: ₹7 लाख, आंशिक क्षति वाले मकान: ₹1 लाख, दुकान/ढाबे को नुकसान: ₹1 लाख, मकान मालिक का सामान: ₹70,000, किरायेदार का सामान: ₹50,000, गौशाला की क्षति: ₹50,000, पॉलीहाउस क्षति: ₹25,000, कृषि/बागवानी भूमि गाद निकासी (प्रति बीघा): ₹6,000, भूमि क्षति (प्रति बीघा): ₹10,000, फसल क्षति (प्रति बीघा): ₹4,000, दुधारू या भारवाहक पशु: ₹55,000, बकरी/भेड़/सुअर: ₹9,000 की राशि दी जा रही है।
देवता गोलिनाग मंदिर में नवाया शीश
अपने दौरे के अंत में मंत्री जी ने पुजारली-3 स्थित देवता गोलिनाग मंदिर में शीश नवाया और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
इस मौके पर एसडीएम रोहडू, डीएसपी रोहडू, नायब तहसीलदार टिक्कर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
