एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। हाथों में झाड़ू और फावड़ा लिए, मन में गंदगी के खात्मे का संकल्प लेकर भद्राश गांव स्वच्छता अभियान की शुरुआत हुई। इस अभियान में एसजेवीएनएल के रामपुर हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट, ग्राम विकास समिति, महिला मंडल, और देवता गणेश यूथ क्लब भद्राश के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, विशेष रूप से कूड़ेदान के आसपास फैले कूड़े के ढेरों को हटाया गया। लंबे समय से सफाई कर्मचारी के नहीं आने से यहां गंदगी जमा हो गई थी। इस पहल के तहत लोगों को स्वच्छता का संकल्प दिलाया गया और नियमित सफाई रखने के लिए प्रेरित किया गया। ग्राम विकास समिति के सचिव अश्वनी शर्मा ने बताया कि कुछ लोग अपने घरों का कूड़ा खुले में फेंकते हैं, जिससे गंदगी फैलती है। उन्होंने कहा कि गांव की स्वच्छता बनाए रखने के लिए सभी को जागरूक होना जरूरी है।
रामपुर हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट के सहायक प्रबंधक (CSR) लेख राज ने कहा कि, “स्वच्छता अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त वातावरण देना है। एक स्वस्थ समाज का निर्माण स्वच्छता से ही संभव है।” इस सफाई अभियान में उपमहाप्रबंधक एच.आर. धीरज गुप्ता, मनीष कुमार, महेंद्र ठाकुर, बॉबी सरकैक, गोविन्द चौहान, मोहन लाल, राजेश सिंघा, वार्ड पंच जमोतरा देवी, महिला मंडल प्रधान बिमला देवी, अंकुश जिष्टू, रोहित डोगरा सहित कई अन्य ग्रामीणों ने श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया।
