एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
उपमंडल रामपुर के अंतर्गत आने वाली देवठी, कुहल, काशापाट और मुनीष पंचायतों के लोगों को दो महीने बाद बड़ी राहत मिली है। सेरी पुल के पास बारिश और भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हुआ मुख्य मार्ग अब छोटे वाहनों के लिए बहाल कर दिया गया है।
इस मार्ग के बंद होने से कर्मचारी वर्ग, स्कूल-कॉलेज के छात्र और आम ग्रामीण बेहद परेशान थे। सड़क बंद रहने के दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD) ने वाया डंसा–बाहलीधार वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की थी, लेकिन यह मार्ग कठिन और लंबा होने के कारण सुविधाजनक नहीं था।
अब जब सेरी पुल मार्ग आंशिक रूप से खुल गया है, तो ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। विभाग ने काशापाट को जोड़ने वाली सड़क पर भी छोटे वाहनों की अनुमति दे दी है। फिलहाल बड़े वाहनों के लिए कार्य प्रगति पर है और जल्द ही उन्हें भी इस मार्ग से गुजरने की अनुमति मिल सकती है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के प्रयासों की सराहना की है। सभी को उम्मीद है कि यातायात जल्द ही सामान्य हो जाएगा, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और जनजीवन सामान्य हो सकेगा।
स्थायी समाधान की मांग
ग्रामीणों ने विभाग से यह भी आग्रह किया है कि यह मार्ग हर वर्ष भूस्खलन के कारण बाधित होता है। इसलिए विभाग द्वारा प्रस्तावित नई सड़क योजना को जल्द स्वीकृति दी जाए और सभी औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से बचा जा सके।
लोक निर्माण विभाग रामपुर के अधिशासी अभियंता शक्ति सिंह ने जानकारी दी कि अभी छोटे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बहाल है और बड़े वाहनों के लिए मार्ग दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।