एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
Himachal Weather Forecast : हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। 4 और 5 नवंबर को राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 3 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसके चलते राज्य के कई इलाकों में हल्की वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। इस बीच, शुक्रवार को राजधानी शिमला सहित कई क्षेत्रों में धूप खिली रही। सुंदरनगर, मंडी और बिलासपुर में सुबह के समय हल्का कोहरा दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के सात स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे चला गया है, जिससे सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है।
अगले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान में भी अगले कुछ दिनों में 4-5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों जैसे केलांग, कुकुमसेरी और ताबो में तापमान शून्य के आसपास पहुंच गया है, जिससे बर्फबारी की संभावना और बढ़ गई है।
और पढ़ें : >> ऊना में 21 साल की युवती की स्वाइन फ्लू से मौत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
>> स्कूल में लापरवाही से हादसा : साढ़े चार साल की बच्ची की सेप्टिक टैंक में गिरकर मौत
