एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
भारत की सबसे बड़ी भूमिगत जल विद्युत परियोजना — एसजेवीएन का 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पॉवर स्टेशन राष्ट्र को ऊर्जा स्वावलंबन की दिशा में निरंतर सशक्त कर रहा है। इसी क्रम में, एनजेएचपीएस ने अक्तूबर 2025 में 566.418 मिलियन यूनिट (MU) बिजली का उत्पादन कर अपने इतिहास में दूसरा सर्वाधिक मासिक विद्युत उत्पादन दर्ज किया है। यह उपलब्धि वर्ष 2020-21 में दर्ज 559.484 मिलियन यूनिट (MU) के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ती है। हालांकि, नाथपा झाकड़ी परियोजना का अब तक का सर्वोच्च मासिक उत्पादन 660.778 मिलियन यूनिट (MU) वर्ष 2010-11 में रहा है।
परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने इस सफलता के लिए एसजेवीएन प्रबंधन के दूरदर्शी नेतृत्व, सतत मार्गदर्शन और संस्थागत सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय एनजेएचपीएस के सभी कर्मियों की अनवरत मेहनत, दृढ़ प्रतिबद्धता और उच्च तकनीकी दक्षता को दिया। उन्होंने विशेष रूप से संचालन एवं अनुरक्षण इकाई तथा नाथपा बांध प्रबंधन दल की सतर्कता और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि “सामूहिक प्रयास और समर्पण से ही यह कीर्तिमान संभव हो पाया है।”
एसजेवीएन प्रबंधन ने भी परियोजना प्रमुख और पूरी एनजेएचपीएस टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और सभी कर्मियों के समर्पण, एकजुटता तथा कार्यकुशलता की प्रशंसा की।
