एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में ठंड का प्रकोप तेज हो गया है। बर्फबारी से पहले ही ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान माइनस में चला गया है। लाहौल-स्पीति के ताबो में पारा -7.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे न्यूनतम तापमान है। इसी तरह केलांग में -3.3°C, कुकुमसैरी में -3.1°C, और किन्नौर के कल्पा में -0.4°C रिकॉर्ड किया गया है। प्रदेश में 14 स्थानों पर तापमान 5°C से नीचे और 26 जगहों पर 10°C से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। इस विंटर सीजन में पहली बार प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज हुआ है।
शिमला से ज्यादा ठंड मैदानी इलाकों में
मैदानी क्षेत्रों की रातें अब शिमला से भी ज्यादा ठंडी हो गई हैं। शिमला का न्यूनतम तापमान 8.2°C, जबकि सोलन 2.6°C, हमीरपुर 5.6°C, और कांगड़ा 6.5°C रिकॉर्ड किया गया है। नाहन, हमीरपुर और बिलासपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री या अधिक नीचे पहुंच गया है। हालांकि, दिन का तापमान अभी भी सामान्य से थोड़ा अधिक बना हुआ है। मंडी जिला की बल्ह घाटी, सुंदरनगर और भाखड़ा डैम क्षेत्र में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी 100 मीटर तक घट गई, जिससे सुबह यातायात प्रभावित हुआ।
☀️ अगले 6 दिन रहेगा साफ मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिन तक प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। दिन का तापमान सामान्य बना रहेगा, लेकिन रातें और ठंडी होंगी, विशेषकर ऊंचाई वाले इलाकों में।
और पढ़ें
>>किन्नू, माल्टा, संतरा और गलगल की खरीद 21 नवंबर से, सरकारी रेट तय
