एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
गोविंद बल्लभ पंत मेमोरियल महाविद्यालय रामपुर में एनएसयूआई की नई इकाई गठन के तहत कृष चौहान को परिसर अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी, प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष अभिनंदन ठाकुर द्वारा की गई, जो तुरंत प्रभाव से लागू मानी जाएगी। एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष नितीन देष्टा ने बताया कि कॉलेज स्तर पर संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए कृष चौहान सबसे उपयुक्त चेहरा हैं।
बीए अंतिम वर्ष के छात्र कृष चौहान ने संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान और प्रेरणा दोनों है। उन्होंने कहा कि वे रामपुर कॉलेज में एनएसयूआई को नई ऊर्जा और दिशा देने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
कृष चौहान ने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य कॉलेज परिसर में एनएसयूआई को सबसे मजबूत और प्रभावी छात्र संगठन बनाना है। इसके लिए वे अधिक से अधिक छात्रों को संगठन से जोड़ने, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने और छात्र हितों की आवाज़ बुलंद करने पर विशेष ध्यान देंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि टीमवर्क और पारदर्शी कार्यशैली के माध्यम से एनएसयूआई रामपुर कॉलेज में नई उपलब्धियां हासिल करेगी।
