एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
धर्मशाला में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं पर विधानसभा घेराव के दौरान हुए लाठीचार्ज और कथित दुर्व्यवहार के विरोध में रामपुर महाविद्यालय इकाई ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय परिसर में एकत्र होकर प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन बताया।
एबीवीपी रामपुर इकाई के अध्यक्ष आदित्य धीमान ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार का छात्र विरोधी रवैया अब असहनीय हो चुका है। शांतिपूर्ण मांगों को दबाने के लिए विद्यार्थियों पर लाठियां बरसाना लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार स्पष्ट करे कि वह छात्रों से माफी मांगने आई है या उनकी आवाज दबाने।
अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही दोषी पुलिस अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई और छात्रों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो विद्यार्थी परिषद एक विशाल उग्र आंदोलन छेड़ेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी। उन्होंने कहा कि वादाखिलाफी और युवा विरोधी नीतियां अब बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और आने वाले दिनों में प्रदेशभर में आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में इकाई के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यह संघर्ष न्याय मिलने तक जारी रहेगा।
एबीवीपी रामपुर इकाई ने मांग की कि धर्मशाला में हुए लाठीचार्ज की न्यायिक जांच करवाई जाए, छात्रों से दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जाए तथा छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार तत्काल वार्ता कर समाधान प्रस्तुत करे। अंत में कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र हितों की लड़ाई अब पूरे प्रदेश में फैल चुकी है और इसे कोई भी शक्ति रोक नहीं सकती।
