एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने सोमवार को मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित होने जा रहे आत्मनिर्भर हिमाचल जन संकल्प सम्मेलन की तैयारियों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम राज्य सरकार के तीन वर्ष के सफल कार्यकाल से जुड़ा एक महत्वपूर्ण आयोजन है, इसलिए इसकी तैयारियों में गति के साथ-साथ गुणवत्ता को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने साफ-सफाई, पार्किंग, लाभार्थियों के बैठने की व्यवस्था, भोजन, मीडिया सेंटर, वीआईपी मूवमेंट, सुरक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं को लेकर विस्तार से जानकारी ली।
मंत्री जगत नेगी ने स्पष्ट किया कि लाभार्थियों और आम जनता की सुविधा सर्वोपरि होनी चाहिए और किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन प्रदेश की नीतियों, उपलब्धियों और विकास की दिशा को जनता के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कार्यक्रम में आने वाले लाभार्थियों और मेहमानों के उचित स्वागत और सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पारदर्शिता, बेहतर समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने पर बल दिया।
मंत्री ने मंच निर्माण, विद्युत एवं ध्वनि व्यवस्था सहित अन्य तकनीकी तैयारियों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को मैदान स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का समय रहते समाधान हो सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, सेवादल प्रमुख एवं औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, डीजीपी हिमाचल प्रदेश अशोक तिवारी, उपायुक्त अपूर्व देवगन, एसपी साक्षी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
