एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नगर परिषद रामपुर द्वारा राजीव गांधी लघु दुकानदार सुख कल्याण योजना (शहरी) के अंतर्गत बुधवार को सूचना एवं जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी ने की। बैठक में सामुदायिक प्रबंधक, क्षेत्र के विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छोटे दुकानदार उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कार्यकारी अधिकारी ने योजना के उद्देश्य, पात्रता, लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना विशेष रूप से ऐसे छोटे दुकानदारों को आर्थिक राहत प्रदान करने के लिए शुरू की गई है, जिनके बैंक ऋण एनपीए (गैर-निष्पादित संपत्ति) घोषित हो चुके हैं।
कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि योजना के अंतर्गत वन टाइम सेटलमेंट (OTS) की सुविधा प्रदान की जा रही है। इसके तहत वे छोटे दुकानदार पात्र होंगे, जिन्होंने 1 अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2025 की अवधि के दौरान टर्म लोन या कार्यशील पूंजी के रूप में ऋण लिया है और ऋण चुकाने में असमर्थ रहने के कारण जिनका ऋण एनपीए घोषित किया गया है।
इसके अतिरिक्त, जिन छोटे दुकानदारों ने बैंकों से दो लाख रुपये तक का व्यवसायिक ऋण लिया है और जिनका ऋण एनपीए हो चुका है, वे भी योजना के अंतर्गत पात्र होंगे। इसमें मोची, दर्जी, मोबाइल मरम्मतकर्ता, गैराज संचालक, चाय, बर्तन, किराना, नाई, सड़क विक्रेता सहित अन्य छोटे दुकानदार शामिल हैं।
योजना के तहत जिन लाभार्थियों पर कुल बकाया राशि (मूलधन व ब्याज सहित) एक लाख रुपये तक है, उन्हें बैंक के माध्यम से एक लाख रुपये तक की ओटीएस सुविधा प्रदान की जाएगी, जिसका वहन राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा। वहीं, जिन लाभार्थियों पर बकाया राशि एक लाख रुपये से अधिक है, उन्हें भी एक लाख रुपये तक की ओटीएस सुविधा दी जाएगी, बशर्ते शेष राशि वे स्वयं जमा करने के लिए तैयार हों।
बैठक में उपस्थित बैंक प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया कि वे योजना के अंतर्गत पात्र दुकानदारों को समयबद्ध लाभ प्रदान करने में सहयोग करें तथा अधिक से अधिक मामलों का निपटारा इस योजना के माध्यम से करें। वहीं, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अधिक से अधिक दुकानदारों को योजना की जानकारी देकर लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें।
कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य छोटे दुकानदारों को पुनः आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। बैठक में उपस्थित सभी बैंकों एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
