एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां प्रदेश के बागवानों के प्रतिनिधियों एवं प्रगतिशील बागवानों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सेब उत्पादन हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी का प्रमुख आधार है, और इसके संरक्षण एवं संवर्द्धन को प्रदेश सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड से आयात किए जाने वाले सेब पर आयात शुल्क में कमी से प्रदेश के बागवानों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को लेकर वह केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से मामला उठाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह शीघ्र ही केंद्रीय वित्त मंत्री और केंद्रीय वाणिज्य मंत्री से भेंट कर हिमाचल के बागवानों के हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह करेंगे। बैठक के दौरान बागवानों के प्रतिनिधियों ने सेब उत्पादन, विपणन, आयात नीति, बागवानी ढांचे और किसानों की समस्याओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, सचिव सी. पालरासु, निदेशक बागवानी विनय सिंह, हिमाचल सेब उत्पादक संघ के राज्य अध्यक्ष संजय चौहान, हिमाचल किसान सभा के राज्य सचिव राकेश सिंघा, स्टोन फ्रूट ग्रोवर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंघा, प्रोग्रेसिव ग्रोवर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आशुतोष चौहान सहित बड़ी संख्या में प्रगतिशील बागवान उपस्थित रहे।
