एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
Bear Attack : शिमला जिले के रामपुर बुशहर उपमंडल में जंगली भालुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नीरथ पंचायत के डोईधार गांव से सामने आया है, जहां एक भालू ने गोशाला में घुसकर गाय पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक एक व्यक्ति की गोशाला का दरवाजा तोड़कर भालू अंदर घुस गया और बंधी हुई गाय पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक भालू जंगल की ओर भाग चुका था। घायल गाय के उपचार की व्यवस्था की जा रही है।
पीड़ित परिवार ने प्रदेश सरकार से भालू को पकड़ने और मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन महीनों से क्षेत्र में भालुओं की गतिविधियां बढ़ी हैं। इस दौरान एक गाय की मौत हो चुकी है, जबकि तीन अन्य मवेशी घायल हुए हैं। इससे पहले 13 जनवरी की रात बड़ाच क्षेत्र में भी भालू ने गोशाला में घुसकर एक गाय को मार डाला था। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही लोग घरों से निकलने में डर महसूस करते हैं, खासकर उन परिवारों में जहां गोशालाएं रिहायशी मकानों के पास हैं। घटना की सूचना ग्राम पंचायत, वन विभाग, पशुपालन विभाग को दे दी गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे, जिससे भालू बार-बार रिहायशी इलाकों का रुख कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 12 दिसंबर को नावण गांव में वन विभाग ने एक मादा भालू और उसके दो शावकों को पकड़ा था, लेकिन इसके बावजूद हमले रुक नहीं पाए हैं। वन विभाग का कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर पिंजरे लगाए जा रहे हैं और गश्त बढ़ाई गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।
