एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में 133 ईको टास्क फोर्स (ईटीएफ) के हिमाचल ईको वॉरियर्स ने 75 हजार पौधे लगाने के महत्वाकांक्षी अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान की शुरुआत चमियाणा में सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएन) और हिमाचल प्रदेश वन विभाग के सहयोग से आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम के साथ हुई।
अभियान के तहत स्थानीय जैव विविधता को सुदृढ़ करने और पर्यावरणीय संतुलन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वदेशी प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही स्थानीय समुदायों को वन संरक्षण और पारिस्थितिकी तंत्र के पुनर्स्थापन के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने अखरोट का पौधा लगाकर किया। इस अवसर पर एसजेवीएन के मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज पोरवाल (आईटीईएस) भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 133 ईको टास्क फोर्स, एसजेवीएन लिमिटेड तथा हिमाचल प्रदेश वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और पर्यावरण संरक्षण तथा वनीकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
यह पौधरोपण अभियान ‘नो योर टीए मेला’ पहल का हिस्सा है। अभियान का समापन इसी मेले के दौरान होगा, जहां प्रादेशिक सेना की ईकोलॉजिकल टास्क फोर्स इकाइयों द्वारा देश में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा।

