नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) में भारत सरकार एवं निगम कार्यालय के निर्देशानुसार विश्व पर्यावरण दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस वर्ष की थीम “Inspired by Nature, For Climate, For Our Future” के अनुरूप परियोजना प्रमुख राजीव कपूर के नेतृत्व में विभिन्न जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख राजीव कपूर द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाकर की गई। इसके साथ ही अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षुओं एवं उनके बच्चों के लिए नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग और फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

एनजेएचपीएस एवं हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्योरी में भी विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर लगभग 380 विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर से ज्योरी बाजार तक पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली निकाली। इसके बाद मुख्य अतिथि राजीव कपूर एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने विद्यालय परिसर में “एक पौधा मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया। इसके अतिरिक्त नाथपा बांध परिसर में भी पौधारोपण किया गया। वहीं, हेल्प आगे इंडिया द्वारा संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से विभिन्न गांवों में पर्यावरण संरक्षण संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण को प्रदूषण एवं अन्य हानिकारक प्रभावों से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ एवं संतुलित वातावरण वर्तमान और भावी पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य बच्चों को पर्यावरण की वर्तमान चुनौतियों और संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करना है, क्योंकि बच्चे ही देश का भविष्य हैं।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, रामपुर के क्षेत्रीय अधिकारी दीपक डोगरा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
