एआरबी टाइम्स ब्यूरो | मंडी
मंडी जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुंदरनगर के पुंघ फोरलेन क्षेत्र में पुलिस टीम ने एक वोल्वो बस में सवार युवक और युवती से 143 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नाकाबंदी के दौरान हत्थे चढ़े नशा तस्कर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पुंघ फोरलेन क्षेत्र में रूटिन चेकिंग और नाकाबंदी के दौरान बिलासपुर की ओर से आ रही एक वोल्वो बस को जांच के लिए रोका गया। जब बस में सवार यात्रियों की तलाशी ली गई, तो दो यात्रियों के कब्जे से भारी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना सुंदरनगर में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
हनीश ठाकुर (निवासी: जिला कुल्लू)
अंशिता नेगी (निवासी: मनाली, जिला कुल्लू)
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चिट्टे की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क (Drug Network) से जुड़े अन्य लोगों का भी सुराग लगा रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि मंडी पुलिस नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शेगी नहीं और तस्करों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
