मंडी | हिमाचल प्रदेश के मंडी-धर्मपुर-कोटली नेशनल हाईवे-03 (एनएच-03) पर हवानी के पास डंगा (रिटेनिंग वॉल) गिरने से बजरी से भरा एक टिप्पर अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में टिपर चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान निर्मल सिंह (50 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं और हादसे के असल कारणों की जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान हवानी के पास अचानक डंगा ढह गया, जिससे बजरी से लदा टिपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया। हादसे के वक्त टिपर बरोटी की ओर जा रहा था। घटनास्थल के पास बिजली लाइन का काम कर रहे ठेकेदार मेहुल तपवाल और उनके मजदूरों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए घायल चालक को खाई से ऊपर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को नागरिक अस्पताल धर्मपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही धर्मपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

