शिमला | हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के उपमंडल चौपाल में गुरुवार शाम शंठा (झाड़ी) गांव के पास स्कूली बच्चों को घर लेकर जा रही निजी गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कक्षा सातवीं की एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य बच्चे घायल हुए हैं। हादसा गुरुवार शाम करीब 4:10 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि गाड़ी में कुल आठ स्कूली बच्चे सवार थे और सभी राजकीय स्कूल देवत में पढ़ते हैं। बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद गाड़ी से अपने घरों की ओर जा रहे थे।
दुर्घटना में कक्षा सातवीं की छात्रा साक्षी पुत्री रमेश, निवासी शंठा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के साथ बचाव कार्य शुरू किया। घायल बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। हादसे में घायल हुए बच्चों में स्नेहा, अंकित, अंशुल, हेमंत, वंश, हार्दिक और रियांश शामिल हैं। इनमें अधिकांश बच्चे शंठा गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा ने अपनी मौजूदगी में मृत छात्रा के परिवार को 20 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं, प्रत्येक घायल बच्चे को 5 हजार रुपये की सहायता दी गई। हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
