एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर | वन मंडल रामपुर के मशनू बीट क्षेत्र में रविवार सुबह जंगली भालू के हमले में एक ग्रामीण घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब वह अपने सेब के बगीचे में काम करने के लिए गया था। हमले में उसके चेहरे और पैरों पर चोटें आई हैं। घायल का रामपुर के खनेरी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायल की पहचान नरम दास हस्त निवासी ग्राम एवं डाकघर मशनू, तहसील रामपुर के रूप में हुई है। वन विभाग के अनुसार घटना सुबह करीब 9 बजे की है। बताया गया कि बगीचे में काम करने के दौरान अचानक जंगल की तरफ से आए भालू ने उस पर हमला कर दिया।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
भालू के हमले के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायल को प्राथमिक सहायता दी और उपचार के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही माशनू बीट के वन रक्षक और रेंज कार्यालय की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के कर्मचारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर घायल और उसके परिजनों का हाल जाना। विभाग ने वन्यजीव संघर्ष नियमों के तहत प्रभावित व्यक्ति को अनुग्रह राशि देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
भालू की गतिविधियों पर नजर, विशेषज्ञ टीम करेगी अध्ययन
वन विभाग ने क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति का आकलन करने के लिए विशेष Conflict Study Team भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। टीम क्षेत्र में भालू की आवाजाही, वन्यजीव गलियारों और संवेदनशील स्थानों का अध्ययन करेगी। इसके आधार पर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक उपाय सुझाए जाएंगे। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए संवेदनशील स्थान पर ट्रैप केज (पिंजरा) लगाया जा रहा है। इसके अलावा वन्यजीवों की आबादी वाले क्षेत्रों और बगीचों में घुसपैठ की निगरानी तथा चेतावनी के लिए ANIDERS (Animal Intrusion Detection and Repellent System) उपकरण भी तैनात किए जा रहे हैं।
मशनू और आसपास के क्षेत्रों में सघन गश्त
वन विभाग की फील्ड टीमों ने मशनू और आसपास के जंगलों में सघन गश्त शुरू कर दी है। कर्मचारियों को भालू की गतिविधियों और उसके पदचिह्नों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों की गतिविधियों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
-विभाग ने ग्राम पंचायत, महिला मंडलों और स्थानीय बागवानों के सहयोग से जागरूकता अभियान भी शुरू किया है। लोगों से सुबह-शाम जंगल से सटे बगीचों में अकेले जाने से बचने और संभव हो तो समूह में आवाजाही करने की अपील की गई है।
-वन विभाग ने लोगों को रास्तों और वन सीमाओं के पास चलते समय आवाज, घंटी या सीटी का इस्तेमाल करने, बगीचों के किनारों पर घनी झाड़ियों को साफ रखने, भालू दिखाई देने पर उसे उकसाने या हमला करने से बचने की सलाह दी है। वन्यजीव दिखने पर तत्काल बीट गार्ड या वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।
