एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने मार्केट इंटरवेंशन स्कीम (एमआईएस) के तहत वर्ष 2026 में लगभग 16,877 बागवानों को 35.68 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जारी राशि में 17.53 करोड़ रुपये नकद तथा 18.15 करोड़ रुपये एचएमओ/टीएसओ, उर्वरक, मशीनरी सहित अन्य इनपुट के रूप में दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त 7,059 बागवानों से संबंधित 12.13 करोड़ रुपये के भुगतान दावों की प्रक्रिया जारी है। प्रदेश सरकार बागवानों के हितों की रक्षा और उनके लंबित भुगतानों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।
लंबित दावे जमा करवाने की समय-सीमा निर्धारित
एचपीएमसी के निदेशक मंडल की 8 अक्टूबर, 2026 को आयोजित 222वीं बैठक में एमआईएस के तहत लंबित भुगतान दावे प्रस्तुत करने के लिए अलग-अलग समय-सीमाएं निर्धारित की गई हैं। इसका उद्देश्य निगम की वित्तीय देनदारियों का आकलन करने के साथ भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है।
निर्धारित समय-सीमा के अनुसार, एमआईएस-2024 और इससे पूर्व के वर्षों में सेब की आपूर्ति करने वाले वे बागवान, जिन्होंने अभी तक अपने भुगतान दावे प्रस्तुत नहीं किए हैं, 30 अक्टूबर, 2026 तक दावे जमा करवा सकते हैं।
वहीं, एमआईएस-2025 के तहत 30 बैग तक सेब की आपूर्ति करने वाले बागवानों को 15 नवंबर, 2026 तक, जबकि 31 से 100 बैग तक सेब की आपूर्ति करने वाले उत्पादकों को 30 नवंबर, 2026 तक अपने लंबित भुगतान दावे संबंधित शाखा में जमा करवाने होंगे।
दावों का रिकॉर्ड रखना अनिवार्य
निगम ने लंबित भुगतान दावों के निपटारे को व्यवस्थित बनाने के लिए सभी संबंधित शाखाओं को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। प्रत्येक शाखा में प्राप्त दावों और उनसे संबंधित दस्तावेजों का उचित रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसके अलावा, सभी लंबित दावों के लिए वरिष्ठता रजिस्टर का रखरखाव अनिवार्य किया गया है।
बागवानों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होने के बाद प्रत्येक दावे को क्रम संख्या आवंटित की जाएगी और उसका पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। इससे दावों का क्रमवार रिकॉर्ड बनाए रखने तथा भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। शाखा स्तर पर बागवानों को सुविधाजनक और त्वरित सेवाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बागवानों से समय पर दावे जमा करवाने की अपील
एचपीएमसी ने संबंधित बागवानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें और अपने लंबित एमआईएस भुगतान दावे आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित शाखा में समय पर जमा करवाएं, ताकि दावों का सत्यापन कर नियमानुसार भुगतान की आगामी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
