एआरबी टाइम्स ब्यूराे, शिमला | हिमाचल प्रदेश में दिवाली के त्योहार को देखते हुए प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन देने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वित्त विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी विभागों, निगमों और बोर्डों में कार्यरत कर्मचारियों के खातों में दिवाली से पहले वेतन और मासिक भुगतान सुनिश्चित किया जाए। सरकार ने नियमित कर्मचारियों के साथ अस्थायी तौर पर सेवाएं दे रहे कर्मियों को भी समय पर भुगतान करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि वेतन भुगतान के मामले में किसी भी श्रेणी के कर्मचारी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। विशेष रूप से कम वेतन पर काम करने वाले कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर भुगतान किया जाए। इस व्यवस्था में अनुबंध कर्मचारियों, दिहाड़ीदारों, अंशकालिक कर्मचारियों और मानदेय पर सेवाएं दे रहे कर्मियों को भी शामिल किया गया है। वित्तीय संसाधनों पर दबाव के बावजूद सरकार ने त्योहार से पहले सभी श्रेणियों के कर्मचारियों को भुगतान करने का लक्ष्य रखा है।
उधर, दिवाली के अवसर पर प्रदेश सरकार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक सहायता भी प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू 6 नवंबर को कुल 1,444 लाभार्थियों के लिए 6 करोड़ 10 लाख 57 हजार 310 रुपये की सहायता राशि वितरित करेंगे। इसमें विवाह सहायता योजना के तहत 1 करोड़ 70 लाख 87 हजार रुपये, शिक्षा सहायता योजना के तहत 3 करोड़ 14 लाख 67 हजार 700 रुपये और चिकित्सा सहायता योजना के तहत 54 हजार 610 रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के तहत 32 लाख 80 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 86 लाख 58 हजार रुपये वितरित किए जाएंगे। शेष 5 लाख 10 हजार रुपये अन्य कल्याणकारी योजनाओं और सहायता मदों के तहत दिए जाएंगे। जिलावार आंकड़ों के अनुसार मंडी जिले के सबसे अधिक 440 लाभार्थियों को 1 करोड़ 61 लाख 18 हजार 200 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। शिमला जिले के 183 लाभार्थियों को 72 लाख 97 हजार 200 रुपये, किन्नौर के 168 लाभार्थियों को 64 लाख 92 हजार 200 रुपये और हमीरपुर के 148 लाभार्थियों को 64 लाख 94 हजार 610 रुपये दिए जाएंगे।
