हमीरपुर | हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर ने पटवारी पोस्ट कोड-25027 और पंचायत सचिव पोस्ट कोड-26005 के पदों पर भर्ती के लिए टैबलेट आधारित परीक्षा (टीबीटी) का शेड्यूल जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार पटवारी भर्ती परीक्षा 23 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी, जबकि पंचायत सचिव के पदों के लिए परीक्षा 4 से 6 दिसंबर 2026 तक होगी।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश-पत्र और रोल नंबर डाउनलोड करने की सुविधा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई जाएगी। परीक्षा शुरू होने से एक सप्ताह पहले वेबसाइट hprca.hp.gov.in पर एक विशेष लिंक सक्रिय किया जाएगा। अभ्यर्थी इस लिंक के माध्यम से अपना रोल नंबर और एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को रोल नंबर और परीक्षा केंद्र से संबंधित जानकारी उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी। ऐसे में सभी उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की वेबसाइट के साथ-साथ अपने मोबाइल फोन पर आने वाले संदेशों और पंजीकृत ईमेल की नियमित रूप से जांच करते रहें, ताकि परीक्षा से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण सूचना छूट न जाए।परीक्षा संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी आयोग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा आयोग ने हेल्पलाइन नंबर 01972-222204 भी जारी किया है।
लेखक की सुविधा के लिए 12 नवंबर तक करें आवेदन
पटवारी और पंचायत सचिव भर्ती परीक्षाओं में लेखक (स्क्राइब) की सुविधा प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 12 नवंबर निर्धारित की गई है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि दिव्यांग, गर्भवती और चिकित्सा संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे अभ्यर्थी इस सुविधा के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण परीक्षा केंद्र या परीक्षा तिथि में प्राथमिकता अथवा बदलाव का अनुरोध करने वाले अभ्यर्थी भी आयोग को अपना आवेदन भेज सकते हैं। आयोग ऐसे अनुरोधों पर नियमानुसार विचार करेगा। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन से संबंधित औपचारिकताएं समय रहते पूरी करें और परीक्षा कार्यक्रम, प्रवेश-पत्र तथा अन्य दिशा-निर्देशों के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर रखें।
