एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद रामपुर इकाई ने आज उच्च शिक्षा निदेशक अमरजीत कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने ज्ञापन के माध्यम से राजकीय महाविद्यालय रामपुर में पत्रकारिता एवं जनसंचार, कंप्यूटर साइंस, एम.एससी. फिजिक्स और एनवायरमेंट साइंस विभागों में लंबे समय से खाली चल रहे शिक्षकों के पदों को शीघ्र भरने की मांग की।
परिषद ने बताया कि पिछले लगभग चार महीनों से पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग और एमएससी फिजिक्स विभाग में शिक्षकों के पद रिक्त पड़े हैं। इस कारण विभागों में अध्ययनरत 20 से अधिक विद्यार्थियों को शैक्षणिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही परिषद ने पुराने बस स्टैंड से कॉलेज परिसर तक पगडंडी के निर्माण की मांग की। एबीवीपी ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना करीब 2000 से 3000 विद्यार्थी आवाजाही करते हैं, जबकि राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर भारी यातायात के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
परिषद ने महाविद्यालय के जनजातीय छात्रावास की जर्जर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उसकी शीघ्र मरम्मत व धनराशि स्वीकृति की मांग की। इसके अलावा महाविद्यालय पुस्तकालय में नवीन संस्करण की पुस्तकों का प्रावधान और कॉलेज कैंटीन की मरम्मत को भी प्राथमिकता में रखने की अपील की गई।
