एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
उपमंडल रामपुर के ननखरी क्षेत्र की नन्ही प्रतिभा एंजल काल्टा ने राष्ट्रीय स्तर की नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
24 मार्च 2026 को रयात बाहरा यूनिवर्सिटी, रोपड़ में आयोजित “किसमें कितना है दम” नृत्य प्रतियोगिता में एंजल ने जूनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभागियों के बीच एंजल ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन कर निर्णायकों और दर्शकों का दिल जीत लिया।
एंजल काल्टा ने अपने नृत्य के माध्यम से पहाड़ी संस्कृति की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की, जिसे खूब सराहा गया। वह राजकीय प्राथमिक पाठशाला, निरसू की तीसरी कक्षा की छात्रा है और ननखरी के शैली गांव से संबंध रखती है। एंजल के पिता रमेश काल्टा ने बताया कि उसे बचपन से ही नृत्य में विशेष रुचि रही है और वह लगातार अभ्यास करती रही है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय एंजल की डांस अकादमी की शिक्षिका शिक्षा राव को दिया। वहीं, माता कृष्णा काल्टा ने भी बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व जताया।
नृत्य शिक्षा डांस अकादमी की संस्थापक शिक्षा राव ने कहा कि एंजल बेहद प्रतिभाशाली छात्रा है और इतने बड़े मंच पर प्रथम स्थान हासिल करना उसकी मेहनत और लगन का परिणाम है।
