एआरबी टाइम्स

Rampur Bushahr: 22 दिसंबर रामपुर और 23 दिसंबर ननखरी: एंटी–चिट्टा रैली की तैयारियों पर अधिकारियों की अहम बैठक

December 11, 2025 | by ARB Times Team

एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर

प्रदेश सरकार द्वारा “नशा मुक्त हिमाचल – सुरक्षित भविष्य” के संकल्प को सुदृढ़ता प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में एंटी–चिट्टा रैली कार्यक्रम व्यापक स्तर पर संचालित किए जा रहे हैं। राज्य, जिला और उपमंडल स्तर पर सफल आयोजन के बाद अब इस अभियान को विकास खण्ड स्तर पर भी संगठित रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को चिट्टा सहित अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से जागरूक किया जा सके। इसके लिए एंटी–चिट्टा रैली 22 दिसंबर को रामपुर विकास खण्ड तथा 23 दिसंबर को ननखरी विकास खण्ड में आयोजित की जाएगी।

रामपुर में विकास खण्ड स्तर पर आयोजित होने वाली एंटी–चिट्टा रैली की तैयारियों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने की।

उपमंडलाधिकारी ने बताया कि रैली को प्रभावी बनाने और अधिकाधिक जन–सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा–निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने अवगत करवाया कि विकास खण्ड ननखरी में भी इसी तरह की रैली आयोजित की जाएगी। रैली का मुख्य उद्देश्य छात्रों, युवाओं, महिला मंडलों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय समुदायों को नशा–विरोधी अभियान से जोड़ते हुए व्यापक जनजागरण स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि रैली को जन–अभियान का स्वरूप देने के लिए स्थानीय विधायक की उपस्थिति भी प्रस्तावित है, जिससे अधिक लोग इस मुहिम से प्रेरित होकर जुड़ सकें।

अधिकारियों को रैली मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि विभागों को सौंपे गए दायित्वों की नियमित समीक्षा की जाएगी ताकि आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे।

उपमंडलाधिकारी (नागरिक) ने शिक्षण संस्थानों, महिला एवं युवा मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापार मंडल, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से रैली में सक्रिय सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भागीदारी जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाएगी। रैली के दौरान नशा–मुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी, पोस्टर–बैनर प्रदर्शन, जागरूकता संदेश, तथा युवा वर्ग द्वारा नशा–विरोधी नारों का सामूहिक उच्चारण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिससे समाज में चिट्टा नशे के विरुद्ध मजबूत संदेश प्रसारित किया जा सके।

बैठक में खण्ड विकास अधिकारी रामपुर राजेन्द्र नेगी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य, पंचायत प्रतिनिधि, महिला एवं युवा मंडलों के सदस्य, स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधियाँ और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने रैली को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

RELATED POSTS

View all

view all