एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
जिला बिलासपुर के सीर उत्सव घुमारवीं के दूसरे दिन “चिट्टा नशा” के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा गुग्गा मंदिर, अवढाणीघाट से शुरू होकर पुराने बस स्टैंड में समाप्त हुई। इसका नेतृत्व प्रदेश के नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया।
इस आयोजन में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, महिला मंडलों, युवक मंडलों और सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य उद्देश्य था युवाओं को चिट्टा जैसे जानलेवा नशे से दूर रखना और समाज को जागरूक करना। मंत्री धर्माणी ने कहा, “चिट्टा नशा युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल रहा है। सरकार ने अब तक करीब 40 लोगों के खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की है। साथ ही, चिट्टा कारोबार में लिप्त व्यक्तियों की अवैध संपत्तियां जब्त कर नष्ट की जा रही हैं।”
उन्होंने बताया कि घुमारवीं पुलिस द्वारा फोरलेन मार्ग पर लगभग 500 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया है, जो इस अभियान की बड़ी सफलता है। इसके अलावा, लगभग 4 से 5 सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया गया है और 60 से अधिक पर कार्रवाई जारी है। मंत्री ने पंचायती राज संस्थाओं, महिलाओं और युवाओं से इस लड़ाई में भागीदार बनने का आग्रह किया और नशे के उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया।
इस मौके पर उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में एसडीएम गौरव चौधरी, डीएसपी विशाल वर्मा, बीडीओ अभिषेक शर्मा, नगर परिषद अध्यक्षा रीता सहगल, और अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।