एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
आर्य पब्लिक स्कूल, खनेरी द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक शैक्षणिक भ्रमण का सफल आयोजन किया गया। इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने भारत की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। भ्रमण दल ने अयोध्या, वाराणसी, काशी विश्वनाथ मंदिर, सोमनाथ तथा अन्य प्रमुख तीर्थ स्थलों का अवलोकन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद अष्टू ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को उन वास्तविक परिस्थितियों से अवगत कराना है, जिनके बारे में वे केवल पुस्तकों में पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से विद्यार्थियों में न केवल जिज्ञासा और ज्ञानवृद्धि होती है, बल्कि वे भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिकता को भी गहराई से समझ पाते हैं। इस वर्ष के भ्रमण में विद्यार्थियों ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए और हनुमानगढ़ी मंदिर का भी भ्रमण किया। इसके बाद वाराणसी में विद्यार्थियों ने काशी विश्वनाथ मंदिर, जो देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक है, के दर्शन किए।
नौका विहार के दौरान विद्यार्थियों ने वाराणसी के 80 घाटों की भव्यता और उनकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को भी निकट से देखा। इस पूरे भ्रमण में विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति की विविधता, धार्मिक सौहार्द और ऐतिहासिक धरोहरों का गहन अध्ययन किया। इस शैक्षणिक भ्रमण में कुल 30 विद्यार्थी, 10 अध्यापक और 7 अभिभावक शामिल हुए। विद्यालय प्रबंधन की ओर से चंद्रकांत अष्टू, रीता, नवनीत, अरूणा, रोशन, मिशा, प्रिया, शिल्पा एवं चिंता ने विशेष योगदान दिया।
