एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
कुल्लू के बदाह-2 में उपायुक्त तोरुल एस. रवीश ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत स्थापित ‘इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर’ का विधिवत उद्घाटन किया। यह पहल स्थानीय किसानों, विशेषकर स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
इस क्लस्टर के माध्यम से 120 स्वयं सहायता समूहों के स्थानीय कृषि और बागवानी उत्पादों का प्रसंस्करण करके मूल्यवर्धन किया जाएगा और उन्हें स्थानीय तथा बाहरी बाजारों में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही खेती, पशुपालन और अन्य सहायक कृषि गतिविधियों को एक ही स्थान पर बढ़ावा मिलेगा।
उपायुक्त रवीश ने कहा कि यह क्लस्टर ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे उत्पादकता बढ़ेगी और बिचौलियों की भूमिका कम होगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे इस क्लस्टर के माध्यम से आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाएं, जिससे कम लागत में अधिक मुनाफा कमाया जा सके।
NRLM के तहत स्थापित यह क्लस्टर बदाह और आसपास के क्षेत्रों के लिए एक मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में काम करेगा। उद्घाटन अवसर पर उपायुक्त ने क्लस्टर का निरीक्षण किया और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने उन्हें हर संभव प्रशासनिक सहायता का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, दयाराम, और NRLM के अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
