सोलन (एआरबी टाइम्स)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बरोटीवाला में दिनदहाड़े एक साल पुराने शादी विवाद में साले ने अपने जीजा सोहन लाल (40) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे की है। सोहन लाल, निवासी खाली गांव, बद्दी में ठेकेदारी का काम करता था। वह साई स्थित एसबीआई बैंक में अपने काम से गया हुआ था। जैसे ही वह बैंक से बाहर निकला और गाड़ी में बैठने लगा, तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे नकाबपोश बाइक सवार ने उसके सीने में गोली मार दी।
गोली की आवाज सुनते ही लोग मौके पर जमा हो गए। गंभीर रूप से घायल सोहन लाल को उसकी गाड़ी में ही बद्दी अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया, जहां शाम को उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सोहन लाल कांग्रेस से जुड़े हुए थे और अपने पिछले कार्यकाल में साई पंचायत के उपप्रधान रह चुके थे।
शादी विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोहन ने आरोपी सुरेश कुमार की बड़ी बहन से घरवालों के विरोध के बावजूद भागकर शादी की थी। करीब एक साल पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी और बद्दी में किराये के मकान में रह रहे थे। सुरेश के परिवार को इस शादी से नाराजगी थी। शुक्रवार को सुरेश को जानकारी मिली कि सोहन लाल बैंक के काम से साई आया है। इसी दौरान उसने बैंक के बाहर घात लगाकर सोहन लाल पर गोली चला दी। आरोपी की पहचान सुरेश कुमार उर्फ अकु निवासी खाली गांव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष जांच टीम (SIT) गठित कर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
