एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
सर्वपल्ली राधाकृष्णन संस्थान में भारतीय उच्च शिक्षण संस्थान के तत्वावधान में भारत बौद्धिक परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, वैदिक ज्ञान, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना का विकास करना रहा।परीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा का संचालन शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया तथा बौद्धिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ. सीमा भारद्वाज ने बताया कि भारत बौद्धिक परीक्षा के माध्यम से छात्रों की मानसिक क्षमता, तर्कशक्ति एवं समस्या-समाधान कौशल का आकलन किया जा सकता है। परीक्षा के परिणाम छात्रों को उनकी रुचि, वृत्ति एवं करियर चयन में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस परीक्षा के माध्यम से छात्रों की शैक्षिक योग्यता का निर्धारण कर उन्हें उपयुक्त शैक्षिक कार्यक्रमों से जोड़ा जा सकता है। साथ ही प्रतिभाशाली छात्रों की पहचान कर उन्हें विशेष प्रशिक्षण एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
भारतीय उच्च शिक्षण संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस प्रकार की परीक्षाओं के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय सभ्यता, संस्कार एवं परंपराओं से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने राधाकृष्णन संस्थान के प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
