एआरबी टाइम्स ब्यूरो
बिलासपुर। श्रमिकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बिलासपुर की पहल पर आज विशेष ई-श्रम पंजीकरण शिविर आयोजित किए गए। ये शिविर यूको आरसेटी बिलासपुर, डीबीएल-मंडी मानवा और एएफकॉनस-जगतखाना में आयोजित हुए, जिनमें बैंकों के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि ई-श्रम पंजीकरण केवल औपचारिकता नहीं है बल्कि श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा कवच प्रदान करने का अहम माध्यम है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी आपदा या आकस्मिक स्थिति में उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके।
उपलब्धियां
26 श्रमिकों का ई-श्रम पंजीकरण हुआ।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 36 श्रमिकों को शामिल किया गया, जिससे 72 लाख रुपये का बीमा कवर सुनिश्चित हुआ।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 27 श्रमिकों को 54 लाख रुपये का बीमा कवर मिला।
अटल पेंशन योजना में 2 श्रमिक पंजीकृत हुए।
भारतीय स्टेट बैंक ने 2 श्रमिकों को दुर्घटना बीमा प्रदान किया।
अभियान का विस्तार
रेलवे परियोजनाओं में कार्यरत अधिकांश श्रमिकों का ई-श्रम पंजीकरण पूरा हो चुका है। अब प्रशासन अन्य क्षेत्रों में शत-प्रतिशत पंजीकरण का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। इसके तहत गिग वर्कर, डिलीवरी बॉय, राइड शेयरिंग, लॉजिस्टिक, ई-मार्केट, हेल्थकेयर, हॉस्पिटैलिटी और मीडिया सेवाओं से जुड़े श्रमिकों को भी ई-श्रम पोर्टल से जोड़ा जा रहा है।
सरकार ने हाल ही में घोषणा की है कि आयुष्मान भारत योजना का लाभ गिग वर्करों को भी मिलेगा, जिसके लिए सक्रिय ई-श्रम कार्ड अनिवार्य होगा। उपायुक्त ने कहा कि श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
