एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला दण्डाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शिमला अनुपम कश्यप के मार्गदर्शन में पंचायतों को आपदा की दृष्टि से सशक्त बनाने के उद्देश्य से छौहारा विकास खंड की सभी पंचायतों को आवश्यक आपदा प्रबंधन उपकरण वितरित किए गए। यह उपकरण पंचायत आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र योजना के अंतर्गत उपलब्ध करवाए गए।
योजना का मुख्य उद्देश्य पंचायत स्तर पर आपदा के समय त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को सुदृढ़ करना है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की टीम द्वारा यह सामग्री खंड विकास कार्यालय छौहारा में सभी पंचायत प्रतिनिधियों को वितरित की गई।
योजना के अंतर्गत प्रत्येक पंचायत को सेफ्टी हेलमेट, लाइफ जैकेट, रस्सी, सर्च लाइट, ताला-चाबी, ट्रंक, सीटी, फोल्डिंग स्ट्रेचर, तिरपाल, टेंट, गैंती, कुल्हाड़ी, फावड़ा, हथौड़ा, सीढ़ी, प्राथमिक उपचार किट और मेगाफोन उपलब्ध करवाए गए। इस अवसर पर ब्लॉक की 30 पंचायतों के प्रतिनिधियों को उपकरण किट प्रदान की गई तथा उनके उपयोग संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
जिला दण्डाधिकारी अनुपम कश्यप ने कहा कि पंचायतें आपदा प्रबंधन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और उन्हें आवश्यक संसाधनों से लैस करना समय की मांग है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से उपकरणों के उचित रख-रखाव और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग का आग्रह किया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी छौहारा हिमानी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण शिमला से प्रलेखन समन्वयक गौरव मेहता सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
