एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किन्नौर जिला में आई.टी.बी.पी. ग्राउंड रिकांगपिओ से पंजाब नेशनल बैंक तक एंटी चिट्टा वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इस वॉकथॉन को राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा स्वयं वॉकथॉन का नेतृत्व किया।
इस अवसर पर आयोजित वॉकथॉन में लगभग ढाई हजार लोगों ने भाग लिया, जिनमें जिला के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, सरकारी कार्यालयों के कर्मचारी और आम नागरिक शामिल रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को चिट्टा मुक्त हिमाचल की शपथ दिलाई।
अपने संबोधन में जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चिट्टा जैसे घातक नशे के खिलाफ प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर ही एक स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
जनजातीय विकास मंत्री ने कहा कि चिट्टा जैसे नशे ने युवाओं के भविष्य और समाज की जड़ों को कमजोर किया है। इससे निपटने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।
राजस्व मंत्री ने जानकारी दी कि चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान को प्रभावी बनाने के लिए तस्करों की सूचना देने वालों को प्रदेश सरकार द्वारा नकद ईनाम प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 02 ग्राम चिट्टा की सूचना पर 10 हजार रुपये, 05 ग्राम पर 25 हजार रुपये, 25 ग्राम पर 50 हजार रुपये, 01 किलो पर 05 लाख रुपये तथा 01 किलो से अधिक की सूचना पर 10 लाख रुपये तक की ईनामी राशि दी जाएगी। इसके अलावा बड़े तस्कर गिरोह की सूचना पर 05 लाख रुपये का अतिरिक्त ईनाम दिया जाएगा। सूचना 112 नंबर पर कॉल कर दी जा सकती है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला पांगी के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत चिट्टा मुक्त हिमाचल पर आधारित नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए उन्हें 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। साथ ही उन्होंने एंटी चिट्टा हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया और सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन स्कूल, कॉलेज और पंचायत स्तर पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ी को नशे से दूर रखा जा सके।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा, एपीएमसी निदेशक उमेश नेगी, जनजातीय सलाहकार परिषद सदस्य डॉ. सूर्या बोरस नेगी, पंचायत समिति कल्पा अध्यक्षा ललिता पंचारस, प्रताप नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
