एआरबी टाइम्स ब्यूरो
मंडी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री के सरकाघाट दौरे को लेकर भाजपा प्रवक्ता एडवोकेट मनीष कंवर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस दौरे को निराशाजनक बताते हुए आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने सरकाघाट की जनता को कोरी घोषणाओं से बहलाने का प्रयास किया, जबकि क्षेत्र के वास्तविक मुद्दों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
कंवर ने कहा कि जनता को उम्मीद थी कि इस दौरे में सरकाघाट के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज की घोषणा होगी, लेकिन उल्टे भद्रोता में प्रस्तावित पॉलिटेक्निक कॉलेज को बंद कर दिया गया, जो पूर्व की जयराम सरकार की सौगात थी। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज के प्रशासनिक शाखा की घोषणा सिर्फ एक औपचारिकता है, न कि आम जनता के हित में कोई ठोस निर्णय।
भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि सरकाघाट अस्पताल का विकास कार्य अभी भी अधर में लटका हुआ है, जबकि इसकी क्षमता 100 से 150 बेड करने की मंजूरी पहले ही दी जा चुकी थी। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा बस अड्डे और पार्किंग की घोषणाओं को कागजी जुमले करार दिया, क्योंकि इनके लिए ना बजट है और ना ही कोई योजना खाका।
कांग्रेस नेता पवन ठाकुर पर निशाना साधते हुए कंवर ने कहा कि या तो उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत नहीं कराया या फिर मुख्यमंत्री ने उन्हें जानबूझकर अनदेखा किया।
स्कूल मैदान की दुर्दशा पर जताई आपत्ति
स्वतंत्रता दिवस के आयोजन के लिए सरकाघाट स्कूल मैदान में बिछाई गई बजरी पर भी कंवर ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों और आम जनता को भारी असुविधा हो रही है। यदि मैदान को जल्द खेलने योग्य नहीं बनाया गया तो भाजपा जन आंदोलन शुरू करेगी।
मुख्यमंत्री से की घोषणाओं को धरातल पर उतारने की मांग
अंत में कंवर ने मुख्यमंत्री से मांग की कि की गई घोषणाएं केवल हवाई वादे न बनें, बल्कि उन्हें जल्द अमल में लाया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को वास्तविक लाभ मिल सके।
