एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश से उत्पन्न हालात पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला पहुंचकर उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने मुख्य सचिव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश से हुए नुकसान और चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए और प्रभावित परिवारों तक त्वरित सहायता पहुंचाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने जनता से अपील की कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, सतर्क रहें और नदी-नालों के किनारे जाने से बचें। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, ऐसे में सभी को सावधानी बरतने की जरूरत है।
शनिवार को मुख्यमंत्री ने चंबा और कांगड़ा जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया था। रविवार को उनका कुल्लू जिले का दौरा प्रस्तावित था, लेकिन खराब मौसम के चलते उन्हें चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से शिमला लौटना पड़ा। राज्य सरकार ने सभी जिलों के प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
