एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला स्थित ओक ओवर से आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री के पांच वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस राहत सामग्री को अंतरराष्ट्रीय लायंस क्लब द्वारा उपलब्ध करवाया गया है, जिसमें कुल 161 किट शामिल हैं। इन किट्स में सूखा राशन, बर्तन, कंबल, तिरपाल और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सामग्री संबंधित उप-मंडल मजिस्ट्रेटों के माध्यम से सीधे प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने लायंस क्लब के इस मानवीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि इस मानसून सीजन में प्रदेश को काफी भारी नुकसान झेलना पड़ा है—जहां जान-माल की क्षति के साथ-साथ सार्वजनिक और निजी संपत्ति को भी बड़ा नुकसान हुआ।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023 की तर्ज पर वर्ष 2025 के लिए भी विशेष राहत पैकेज लागू किया है। इसके तहत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए मुआवजा राशि को 1.30 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया गया है।
इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेन्द्र चौहान, कांग्रेस नेता सुरेन्द्र मनकोटिया, लायंस क्लब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिनेश बत्रा, प्रोजेक्ट चेयरपर्सन डॉ. आर.के. जिष्टू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
