एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर में आयोजित पाँच दिवसीय AI शून्य फाउंडेशन सर्टिफिकेट कोर्स का समापन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस कोर्स में लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और ए.आई. (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के विविध पहलुओं के बारे में गहन ज्ञान प्राप्त किया।
प्रथम चार दिनों में विद्यार्थियों को ए.आई. की भूमिका, परिचय और आधुनिक युग में इसके प्रयोग पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान, दिल्ली से ऑनलाइन माध्यम से श्री शेर सिंह ने विशेषज्ञ व्याख्यान दिया और विद्यार्थियों को AI के विभिन्न अनुप्रयोगों से अवगत कराया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर, प्राचार्य डॉ. पंकज बासोतिया ने कैरियर गाइडेंस और प्लेसमेंट सैल की पहल की सराहना करते हुए कहा, “इस तरह के आयोजन छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। यह उन्हें भविष्य में बेहतर करियर बनाने के लिए सही दिशा प्रदान करते हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी और आश्वासन दिया कि महाविद्यालय हमेशा छात्रों के हित में कार्य करेगा।
कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. शिवाली ठाकुर ने धन्यवाद उद्बोधन प्रस्तुत किया और सभी छात्र-छात्राओं तथा कार्यक्रम समिति के सदस्य का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के लिए निरंतर आयोजित किए जाएंगे। AI शून्य फाउंडेशन सर्टिफिकेट कोर्स छात्रों को तकनीकी दृष्टि से सशक्त बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ है और विद्यार्थियों के कैरियर को नई दिशा देने का यह आयोजन अत्यधिक सफल रहा।
