एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित राष्ट्रीय संकल्प दिवस कार्यक्रम में शिरकत की और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय संकल्प दिवस की शपथ भी दिलाई।
राष्ट्रीय संकल्प दिवस, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर मनाया जाता है। मीडिया से बातचीत में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने देशभक्ति और साहसिक निर्णयों के लिए इंदिरा गांधी की सराहना की और याद दिलाया कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
मुकेश अग्निहोत्री ने यह भी बताया कि इंदिरा गांधी ने 1971 में हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया था और उन्हें पूरे विश्व में ‘आयरन लेडी’ के नाम से जाना जाता था। साथ ही उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन किया और गुजरात में आयोजित स्मृति कार्यक्रम के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा भजन और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
