एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कुल्लू। उपायुक्त कुल्लू तोरुल एस रवीश ने लगातार चौथे दिन आनी उपंडल के खादवी, जाओं और जलोड़ी क्षेत्रों में आपदा प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर प्रभावित इलाकों में आधारभूत सेवाएं बहाल करने और राहत कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने आनी विधानसभा क्षेत्र में भूस्खलन और आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन आनी अस्पताल में भूस्खलन की समस्या को गंभीरता से लेते हुए, बीएसएनएल और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तकनीकी पहलुओं पर काम करने के निर्देश दिए।
खादवी क्षेत्र में सड़क मार्ग खोलने और सेब की फसल को सुरक्षित निकालने के लिए उन्होंने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की और उम्मीद जताई कि तीन-चार दिनों में सड़क सुविधा बहाल हो जाएगी। जाओं गांव में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बुच्छैर की अधोसंरचना की समस्याओं का समाधान करने के लिए भी उपायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा।
इसके अतिरिक्त, उपायुक्त ने कांडुगाड में पटारना हादसे स्थल का भी निरीक्षण किया और जलोड़ी क्षेत्र में आपदा प्रभावितों से उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने प्रभावित लोगों को उचित राहत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान एसडीएम आनी लक्षमण कनेट, डीएसपी चंद्रशेखर कायथ, तहसीलदार आनी रत्नेश्वर शर्मा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण आनंद शर्मा और पीसी हरनोट सहित कई विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
