धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 14 दिसंबर को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीसरा टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। मुकाबले के लिए जहां पहले से ऑनलाइन टिकटों की बिक्री शुरू की गई थी, वहीं अब 11 दिसंबर से स्टेडियम के बाहर काउंटर पर ऑफलाइन टिकट भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
HPCA की ओर से स्टेडियम परिसर के साथ टिकट काउंटर स्थापित किया जा रहा है। सुबह 10 बजे टिकट बिक्री शुरू होगी और यह पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दी जाएगी। सबसे सस्ता टिकट 1500 रुपये का होगा जबकि प्रीमियम श्रेणी का टिकट 20,000 रुपये तक मिलेगा। पांच टी-20 मैचों की इस सीरीज का पहला मुकाबला कटक में खेला गया था, जिसमें भारत ने शानदार जीत हासिल की। अब दूसरा मैच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम में वीरवार को होना है।
स्टेडियम आम पर्यटकों के लिए बंद, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
मुकाबले को ध्यान में रखते हुए बुधवार से स्टेडियम आम लोगों और पर्यटकों के प्रवेश के लिए बंद कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों, HPCA और प्रशासन ने मैदान के अंदर किसी भी अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगा दी है। मैच के बाद ही स्टेडियम को फिर से आम पर्यटकों के लिए खोला जाएगा। स्टेडियम और आसपास सुरक्षा कड़ी की गई है। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने मैच वाले दिन यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए योजना तैयार कर ली है ताकि बाहर से आने वाले दर्शकों और स्थानीय लोगों को समस्या न हो।
धर्मशाला में पर्यटन और व्यवसाय को मिलेगा बढ़ावा
धर्मशाला में हमेशा से क्रिकेट मैच पर्यटन को बढ़ावा देते रहे हैं, और इस बार भी होटल कारोबारियों को इसकी काफी उम्मीद है। स्थानीय कारोबारियों का कहना है कि मैच के दौरान पर्यटकों की संख्या बढ़ने से बाजारों में रौनक लौट आती है। धर्मशाला के दर्शक और बाहरी राज्यों से आने वाले क्रिकेट प्रेमी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि भारत इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करेगा और पर्वतीय स्टेडियम की खूबसूरती के बीच क्रिकेट का रोमांच चरम पर दिखाई देगा।
और पढ़ें : >> भारत ने पहले T20 में साउथ अफ्रीका को 101 रन से हराया | सीरीज में 1-0 की बढ़त
