एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। भाजपा नेता कौल सिंह ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र की दुर्गम दरकाली पंचायत के आपदा प्रभावित शरनाल गांव का दौरा किया और मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने गांव में जारी भूमि धंसाव की स्थिति का जायजा लिया और प्रशासनिक उदासीनता पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
कौल सिंह ने कहा कि शरनाल गांव पिछले दो वर्षों से भूस्खलन की चपेट में है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। गांव के कई हिस्सों में जमीन धंसने से खेत, रास्ते और मकान बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। यहां तक कि गांव के बीचोंबीच दरारें पड़ चुकी हैं और स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्र का भवन भी क्षतिग्रस्त हो चुका है।
उन्होंने बताया कि स्थिति इतनी गंभीर है कि एक परिवार को अपना घर छोड़ना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद सरकार और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। राहत कार्यों के नाम पर अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं, जबकि गांव को बचाने के लिए न तो सुरक्षा दीवार बनाई गई और न ही स्थायी समाधान के प्रयास किए गए। “दो साल बीत जाने के बावजूद प्रशासनिक तंत्र विफल साबित हुआ है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो शरनाल गांव का अस्तित्व ही संकट में पड़ सकता है,” कौल सिंह ने चेतावनी दी।
उन्होंने सरकार से मांग की कि शरनाल गांव की दयनीय स्थिति और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल बचाव एवं स्थायी पुनर्वास कार्य शुरू किए जाएं। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रामपुर नरेश चौहान, दरकाली पंचायत के प्रधान गुलज़ारी लाल, चेतन पाकला, आशा कटवान, अनु रोष्टा, प्रियंका, लीलावती सहित अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
