एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आज बचत भवन, बिलासपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद (लोकसभा) अनुराग सिंह ठाकुर ने की। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों तथा कार्यान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर विधायक रणधीर शर्मा, जीत राम कटवाल एवं त्रिलोक जम्वाल भी उपस्थित रहे।
सांसद अनुराग ठाकुर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारने का आह्वान किया।
बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। सांसद ने निक्षय मित्र योजना को और प्रभावी बनाने तथा एचआईवी-एड्स व नशा उन्मूलन को लेकर स्कूल व कॉलेज स्तर पर व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। एम्स बिलासपुर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई तथा रिक्त पदों को भरने के लिए वर्ष में चार बार नियुक्ति प्रक्रिया चलाने की जानकारी दी गई।
जल शक्ति विभाग ने जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की प्रगति से अवगत कराया। वहीं प्रधानमंत्री सूर्या घर-मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जिले में 667 परियोजनाओं के पूर्ण होने की जानकारी दी गई। ग्रामीण विकास विभाग ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रगति प्रस्तुत की। जिला प्रशासन की “व्यास प्योर” पहल के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
सांसद ने वनों में आग की रोकथाम हेतु पाइन नीडल्स के एकत्रीकरण और सड़क सुरक्षा के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला प्रशासन द्वारा व्यास प्योर प्रोडक्ट्स का गिफ्ट पैक भेंट किया गया। इससे पूर्व उपायुक्त राहुल कुमार ने सांसद का स्वागत किया। बैठक में जिला परिषद अध्यक्षा बिमला देवी, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
