एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिला के उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली व जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछली बैठक के निर्देशों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी योजनाओं और सुधारात्मक उपायों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
डॉ. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुणवत्तापूर्ण राशन की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और पाँच या अधिक सदस्यों वाले परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत लाभ दिया जाए। उन्होंने खण्ड स्तरीय सतर्कता समितियों के गठन को प्राथमिकता देने की बात कही ताकि वंचित वर्गों को पारदर्शी और प्रभावी तरीके से लाभ मिल सके।
साथ ही, उन्होंने खाद्य आपूर्ति निगम को निर्देशित किया कि पूह और चांगो में स्थित गोदामों को सुदृढ़ किया जाए, जिससे आपदा की स्थिति में खाद्यान्न आपूर्ति सुचारु रूप से हो सके। इससे परिवहन व्यय में कटौती और निगम की आय में बढ़ोतरी भी संभव होगी।
डॉ. शर्मा ने उचित मूल्य की दुकानों में औचक निरीक्षण के आदेश दिए और कहा कि अनियमितताओं पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां नए राशन डिपो के लिए आवेदन नहीं मिले हैं, वहां पुनः विज्ञापन प्रकाशित किया जाए।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने ई-केवाईसी, एलपीजी आपूर्ति, और भंडारण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने भावानगर व पूह उपमंडल के एलपीजी गोदामों के निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि मॉनसून व सड़क मार्गों के अवरोध के समय राशन व आवश्यक वस्तुएं दुर्गम क्षेत्रों में पहुंच सकें।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविन्द्र सिंह ठाकुर, कार्यकारी जिला नियंत्रक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति धनवीर ठाकुर, सहायक पंजीयक सहकारी सभाएं राजेश ठाकुर, तथा राज्य सहकारी बैंक के जिला प्रबंधक मदन चौहान सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
