एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
नगर परिषद की मासिक बैठक का आयोजन नगर परिषद अध्यक्ष मुस्कान चारस की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण शुल्क में 25 रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई, जिससे शहरवासियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। अब तक प्रति परिवार 50 रुपये प्रतिमाह लिए जा रहे थे, जिन्हें बढ़ाकर 75 रुपये कर दिया गया है।
बैठक में परिषद ने ठेकेदारों को एक सप्ताह के भीतर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। तय समय में काम शुरू न करने पर संबंधित ठेकेदारों को एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी गई। बैठक में कार्यकारी अधिकारी बी.आर. नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था तथा लवी मेले से जुड़े वित्तीय मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्षदों ने जिन कार्यों के टेंडर हो चुके हैं, उनके शुरू न होने पर नाराजगी जताई। पार्षदों ने परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ठेकेदारों की कार्य प्रगति की प्रभावी निगरानी नहीं हो रही है।
लवी मेले से जुड़े मुद्दे पर भी बैठक में चर्चा हुई। लवी मेले में स्टॉलों के आबंटन से मेला कमेटी को करोड़ों रुपये की आय होती है, जिसका उपयोग सांस्कृतिक संध्याओं और अन्य व्यवस्थाओं पर किया जाता है। वहीं नगर परिषद की ओर से केवल डोम और झूलों के टेंडर लगाए जाते हैं।
जहां मेला कमेटी डोम और झूलों से होने वाली आय का कुछ हिस्सा नगर परिषद को देने की बात कर रही है, वहीं अब नगर परिषद ने मेले से एकत्र कुल राशि का 50 फीसदी हिस्सा नगर परिषद को देने की मांग रखी है।
