एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
झाकड़ी। Delhi Public School, Jhakri के मेधावी विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स तथा राष्ट्रीय स्तर की Central Board of Secondary Education द्वारा आयोजित आर्यभट्ट गणित चैलेंज परीक्षा 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

आर्यभट्ट गणित चैलेंज 2025 का आयोजन दो चरणों में किया गया। प्रथम चरण विद्यालय स्तर पर आयोजित हुआ, जिसमें प्रश्नपत्र सीबीएसई के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराया गया। इस चरण में कक्षा दसवीं के तीन विद्यार्थियों—दक्ष चौहान, सक्षम नेगी एवं पारुल कपिला—का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ।
द्वितीय चरण राष्ट्रीय स्तर पर 10 नवम्बर 2025 को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के चयनित तीनों विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। उल्लेखनीय है कि दक्ष वर्या चौहान और सक्षम नेगी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेरिट प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ तथा उन्होंने सीबीएसई के अंतर्गत देश के शीर्ष 100 विद्यार्थियों में स्थान बनाया।

इसके अतिरिक्त National Testing Agency द्वारा आयोजित जेईई मेन्स परीक्षा में शिवांश गुप्ता ने प्रथम प्रयास में 95.40 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार गुप्ता ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी तथा भविष्य में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है।
