एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
कुछ दिन पूर्व आयोजित रामपुर के पदम सभागार में हुए विशेष सम्मान समारोह में सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान की प्रधानाचार्या डाॅ. सीमा भारद्वाज को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान एवं उच्च शैक्षिक उपलब्धियों हेतु लोक निर्माण विभाग व शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। इस विशेष आयोजन में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षाविदों एवं छात्रों को भी सम्मानित किया गया। डॉ. भारद्वाज को यह सम्मान हिमाचल के मेधावी शिक्षाविद के रूप में शिक्षा एवं शोध कार्य में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया, जो समाज के युवाओं को प्रेरित करने वाला है।
सम्मान प्राप्त करते हुए डॉ. भारद्वाज ने मंत्री एवं आयोजकों का आभार जताते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं बल्कि उन विद्यार्थियों एवं सहकर्मियों का भी है जिन्होंने उनकी शैक्षणिक यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रचोली गाँव, रामपुर बुशैहर से ताल्लुक रखने वाली डॉ. भारद्वाज ने कठिन परिस्थितियों के बीच अपनी शिक्षा पूरी की और आज प्रदेश के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से शिक्षा में पीएच.डी., एम.फिल., तथा शिक्षा, दर्शनशास्त्र, मनोविज्ञान, इतिहास, संगीत और पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिग्रियाँ प्राप्त की हैं।
इसके अतिरिक्त वे राष्ट्रीय स्तर पर NET परीक्षा उत्तीर्ण कर चुकी हैं। अब तक वे लगभग 15 शोध पत्र व चार पुस्तकों का प्रकाशन कर चुकी हैं, जिनमें प्रमुख पुस्तकें—
-
शिक्षा में नाटक एवं कला
-
Drama and Art in Education
-
बाल्यावस्था एवं विकास वर्ष
-
सीखना एवं अधिगम
—जो भारत भर के पाठ्यक्रम में शामिल हैं।
वे राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अनेक सेमिनारों एवं कार्यशालाओं में भाग ले चुकी हैं और विभिन्न शोध विषयों पर प्रस्तुति दे चुकी हैं। बी.Ed. संस्थानों में पर्यवेक्षक के रूप में सेवाएं देने के साथ उन्होंने एम.एड. के 36 शोधार्थियों का सफलतापूर्वक मार्गदर्शन किया है।
डॉ. भारद्वाज विद्यालयों व महाविद्यालयों में तनाव, अवसाद, आध्यात्मिक एवं भावनात्मक बुद्धि जैसे विषयों पर अतिथि व्याख्यान भी देती रही हैं। हाल ही में उन्होंने सत्य साईं पब्लिक स्कूल तकलेच में छात्रों व शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा के क्षेत्र में लगभग 16 वर्षों की सेवा यात्रा के साथ डॉ. सीमा भारद्वाज की उपलब्धियाँ रामपुर क्षेत्र और पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय हैं।
