एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। हिमाचल में अगले पांच दिन मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने तेज बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, बीते कुछ दिनों की तुलना में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) थोड़ा कमजोर हुआ है, लेकिन आज भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। 6 मई से पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय होगा और 10 मई तक कई जिलों में अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश में तापमान में तेज गिरावट देखी गई है। सोलन में अधिकतम तापमान सामान्य से 10.5 डिग्री सेल्सियस कम होकर 20 डिग्री दर्ज किया गया है। अन्य जिलों में भी न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम हो गया है। बारिश और ओलावृष्टि ने प्रदेश में भारी तबाही मचाई है। शिमला जिले में सेब की फसल को खासा नुकसान हुआ है। इसके अलावा मटर और फूलगोभी की फसलें भी प्रभावित हुई हैं। किसानों और बागवानों में निराशा है।
ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
6 और 7 मई के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिले में बारिश, अंधड़ और आसमानी बिजली गिरने की चेतावनी के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 8 से 10 मई तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा। इन दिनों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने का अनुमान है।