एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि आगामी फरवरी माह में घुमारवीं में हैंडबॉल अंडर-19 बालिका वर्ग की राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें भाग लेंगी।
राजेश धर्माणी ने यह जानकारी लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह घुमारवीं में जन समस्याएं सुनने के दौरान दी। उन्होंने बताया कि 1 से 5 फरवरी 2026 तक स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 69वीं राष्ट्रीय स्कूल खेल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतर्गत हैंडबॉल अंडर-19 बालिका वर्ग की राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी निदेशालय स्कूल शिक्षा, हिमाचल प्रदेश द्वारा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि जिला बिलासपुर और घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इस तरह के बड़े खेल आयोजनों से क्षेत्र के युवाओं एवं स्कूली विद्यार्थियों में खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलेगा और घुमारवीं को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान प्राप्त होगी। प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं के परिसर में किया जाएगा।
इस अवसर पर मंत्री ने जन समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इसके उपरांत उन्होंने घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। बहुउद्देशीय खेल परिसर और कौशल विकास केंद्र के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग, हिमुडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
