एआरबी टाइम्स ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने जानकारी दी है कि सीर उत्सव घुमारवीं 2025 का आयोजन 2 व 3 अक्तूबर को किया जाएगा। इस वर्ष उत्सव की थीम “नेचर नर्चर” रहेगी, जिसके अंतर्गत प्रकृति संरक्षण, लोक कला, संस्कृति और पर्यावरण पर केंद्रित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह उत्सव सिर्फ एक पारंपरिक मेला नहीं बल्कि एक संदेशवाहक आयोजन होगा, जिसका उद्देश्य प्राकृतिक संतुलन, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि सीर शब्द का अर्थ केवल आध्यात्मिकता नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सकारात्मक प्रक्रिया भी है।
उत्सव की मुख्य विशेषताएं:
-
थीम आधारित खेलकूद: वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी प्रतियोगिताएं
-
सांस्कृतिक कार्यक्रम: स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा
-
पर्यावरण जागरूकता: ‘नेचर नर्चर’ थीम पर कार्यशालाएं
-
हेल्थ चेकअप कैंप: स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क जांच
-
प्रदर्शनियां: प्राकृतिक उत्पाद, सरकारी योजनाओं की जानकारी
-
सम्मान समारोह: समाजसेवियों को किया जाएगा सम्मानित
-
आपदा राहत कोष: योगदान हेतु QR कोड की व्यवस्था
मंत्री ने कहा कि यह उत्सव वर्षा ऋतु की समाप्ति के बाद सामाजिक जीवन में नई ऊर्जा लाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।
SDM गौरव चौधरी ने बैठक का संचालन करते हुए विस्तृत कार्य योजना साझा की। बैठक में APMC अध्यक्ष सतपाल, नगर परिषद अध्यक्षा रीता सहगल, उपाध्यक्ष श्याम शर्मा समेत कई सरकारी व गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
