एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। प्रदेश के लोक निर्माण एवं नगर नियोजन मंत्री राजा विक्रमादित्य सिंह का रामपुर में पारंपरिक ढंग से भव्य स्वागत किया गया। उनके साथ नवविवाहिता पत्नी डॉ. अमरीन कौर भी पहली बार राजपरिवार के तौर पर रामपुर पहुंचीं, जहां उन्हें राज दरबार में पारंपरिक सम्मान और पूजा-अर्चना के साथ गृह प्रवेश कराया गया।
पूर्व सांसद और प्रदेश कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष राजमाता प्रतिभा सिंह भी इस मौके पर उपस्थित रहीं। जैसे ही विक्रमादित्य सिंह रामपुर के भद्राश पहुंचे, वहां लोगों ने पारंपरिक वाद्य यंत्र, फूल मालाएं, और ढोल-नगाड़ों के साथ ज़ोरदार स्वागत किया।
राजपरिवार की नई बहू डॉ. अमरीन कौर के प्रथम आगमन के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान, हवन, और गृह प्रवेश समारोह का आयोजन हुआ। पूरे वातावरण में पारंपरिक संगीत, पटाखों की गूंज और स्वागत गीतों की मधुर ध्वनि गूंजती रही।
आगामी कार्यक्रम:
मंगलवार को विक्रमादित्य सिंह तकलेच में आपदा प्रभावित सड़कों का निरीक्षण करेंगे।
झाकड़ी में एक जिम का उद्घाटन करेंगे।
सराहन में भीमा काली मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेंगे।
1 अक्टूबर को वे गानवी में पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे।
2 अक्टूबर को रामपुर से सुन्नी में जिला स्तरीय दशहरा उत्सव का उद्घाटन करेंगे।
शाम को वे शिमला के टुटू में रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
