एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। केंद्र की मोदी सरकार ने अगली पीढ़ी के GST सुधार की घोषणा कर ऐतिहासिक कदम उठाया है। इस निर्णय का स्वागत रामपहिमकोफेड के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने किया और इसे देशवासियों के लिए बड़ा तोहफा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो वादा किया था, उसे निभाया है। GST परिषद ने 12% और 28% टैक्स स्लैब को हटाकर अब केवल दो मुख्य स्लैब — 5% और 18% रखने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इससे रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी और आम जनता को राहत मिलेगी।केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले बड़ा ऐलान करते हुए 33 जीवन रक्षक दवाओं को टैक्स मुक्त कर दिया है। पहले इन पर 12% टैक्स वसूला जाता था। इस फैसले से मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारी, किसान, बागवान, महिलाएं और युवा सभी लाभान्वित होंगे।
जनता को मिला दिवाली का तोहफा
नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों से जीएसटी सुधार का वादा किया था और दिवाली पर इसे पूरा कर देश को ऐतिहासिक सौगात दी है। यह निर्णय निश्चित रूप से मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारियों, किसानों और युवाओं के लिए राहत लेकर आएगा और भारत को आर्थिक विकास की ओर तेजी से ले जाएगा।